HomeBreaking Newsझारखंड में बारिश का कहर, ऊंटारी रोड में 185 मिमी वर्षा; 29...

झारखंड में बारिश का कहर, ऊंटारी रोड में 185 मिमी वर्षा; 29 अगस्त तक येलो अलर्ट

रांची। झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पिछले 24 घंटे में पलामू जिले के ऊंटारी रोड में सबसे अधिक 185 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं डाल्टनगंज में 65.6 मिलीमीटर और रांची में 21.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने से मौसम सुहाना और ठंडा बना हुआ है।

29 अगस्त तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने 29 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में एक जून से 25 अगस्त तक कुल 676.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य तौर पर 751.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

रांची में दिनभर रुक-रुककर होती रही बारिश

मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मूसलाधार बारिश हुई। दोपहर बाद भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दिनभर मौसम सुहाना और ठंडा बना रहा।

रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 26.5 डिग्री, डाल्टनगंज में 30.7 और 25.7 डिग्री, बोकारो में 30.2 और 24.1 डिग्री तथा चाईबासा में 31 और 25.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments