HomeBreaking News110 महाविद्यालयों में गूंजेगा प्रधानमंत्री का खेलो इंडिया संवाद

110 महाविद्यालयों में गूंजेगा प्रधानमंत्री का खेलो इंडिया संवाद

भोपाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को देशभर के युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनके विचारों को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के करीब 1600 संस्थानों से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ संवाद करेंगे। मध्य प्रदेश में इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का आयोजन 110 महाविद्यालयों में किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे और इसके बाद स्थानीय स्तर पर खेल एवं युवा गतिविधियों को लेकर संवाद करेंगे।

मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं, खिलाड़ियों और भारत के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो महाविद्यालयों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को खिलाड़ियों के साथ संवाद करने के अलावा सांसद, विधायक, मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सीधे बातचीत का अवसर मिलेगा।

मंत्री सारंग के अनुसार, कार्यक्रम में युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के क्षेत्र में हुए बदलाव, विकसित की गई खेल अधोसंरचना और तेजी से आकार ले रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही युवाओं के विचार, सुझाव और भविष्य को लेकर उनकी आकांक्षाओं को समझने का भी प्रयास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय संवाद

कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और युवा प्रतिभागियों को सुबह 10 बजे तक निर्धारित स्थलों पर पहुंचना होगा। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर युवाओं के साथ संवाद की दिशा में आगे बढ़ेगा।

इस दौरान माय भारत स्वयंसेवकों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा। इसमें खेल अधोसंरचना में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए बदलाव और भारत में तेजी से विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। स्थानीय सांसद, विधायक या मंत्री भी युवाओं को संबोधित करेंगे।

इसके बाद करीब 15 मिनट का युवा संवाद सत्र होगा, जिसमें प्रतिभागी खेलों और अपने भविष्य से जुड़े विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा करेंगे। इस तरह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम को स्थानीय युवाओं की भागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments