झारखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में 5 से 7 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 8 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और वज्रपात की आशंका व्यक्त करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

तीन दिन इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

6 जुलाई को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा और पलामू जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।

वहीं 7 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, लोहरदगा और रांची जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने जलभराव, तेज बहाव और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

8 जुलाई तक बारिश और वज्रपात के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 8 जुलाई तक राज्यभर में रुक-रुक कर बारिश और कई स्थानों पर वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 51.6 मिलीमीटर वर्षा सिमडेगा जिले के बोलबा में दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में, जबकि न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची में शनिवार को दिनभर बादल और धूप का दौर जारी रहा। शहर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री, डाल्टनगंज का 35.0 डिग्री, बोकारो थर्मल का 33.1 डिग्री तथा चाईबासा का 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा विभाग की ताजा चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *