HomeBreaking Newsझारखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात से पांच लोगों...

झारखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात से पांच लोगों की मौत

रांची। झारखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, वज्रपात की घटनाओं में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पांच लोगों की मौत हो गई है।

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, चतरा और लातेहार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

वज्रपात से पांच लोगों की मौत

राज्य में रविवार को वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई। सरायकेला जिले के नुवागोड़ा गांव में वज्रपात से रोशनी सुरीन और सोनू सरदार (32) की मौत हो गई।

वहीं चंपुआ थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में किसान मोहन चरण गिरि (55) की ठनका गिरने से मौत हो गई। बोकारो जिले के गोमिया स्थित तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गए संतोष केवट उर्फ डमडम केवट (34) की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। गुमला के सिसई में वज्रपात से महिला जयंती देवी (56) की जान चली गई।

कई इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धनबाद के राजदह में सबसे अधिक 76.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हेंदेगिर में 67.2 मिलीमीटर, नवाडीह में 67 मिलीमीटर, जगन्नाथपुर (चाईबासा) में 65 मिलीमीटर, पुटकी में 57.2 मिलीमीटर और राजधनवार में 48.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

राजधानी रांची में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। कांके रोड, कांके, रातू रोड और बरियातू समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments