पूर्वी सिंहभूम। जिला बार एसोसिएशन, जमशेदपुर ने नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। एसोसिएशन की कमेटी बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी सामने आने के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। पुराना कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर खुशी जताई और बार के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
सबसे महत्वपूर्ण निर्णय नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ता की मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि को लेकर लिया गया है। अब तक निधन की स्थिति में एक लाख रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर 2.51 लाख रुपये कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था एक सितंबर 2026 से लागू होगी।
गंभीर बीमारी में अब दो लाख रुपये तक की मेडिकल सहायता
बार एसोसिएशन ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मिलने वाली मेडिकल सहायता की सीमा भी बढ़ा दी है। कैंसर, गंभीर लीवर रोग, हृदय रोग, किडनी प्रत्यारोपण, हृदय प्रत्यारोपण और ऐसी गंभीर बीमारियों, जिनमें अस्पताल में भर्ती होकर ऑपरेशन या विशेष उपचार की आवश्यकता होती है, उनके इलाज के लिए अब अधिकतम दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। पहले इसकी सीमा 50 हजार रुपये थी। सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता पहले की तरह जारी रहेगी।
बेटी की शादी और अंतिम संस्कार के लिए भी सहायता
नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ता की बेटी के विवाह पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। वहीं अधिवक्ता के निधन की स्थिति में अंतिम संस्कार के लिए परिवार को 20 हजार रुपये की तत्काल नकद सहायता दी जाएगी। दोनों व्यवस्थाएं एक सितंबर 2026 से प्रभावी होंगी।
इसके अलावा सदस्य अधिवक्ता के पति या पत्नी के गंभीर रूप से बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की स्थिति में भी सहायता का प्रावधान किया गया है। आवश्यकता और परिस्थितियों के आधार पर संबंधित पदाधिकारी अथवा कमेटी के निर्णय से 25 हजार रुपये तक की मेडिकल सहायता दी जा सकेगी।
इन फैसलों को लेकर गुरुवार को पुराना कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं ने खुशी जताई। विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और माला पहनाकर बार पदाधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में करीब दो सौ अधिवक्ता शामिल हुए। इनमें विनोद कुमार मिश्रा, परमजीत श्रीवास्तव, अक्षय झा, नवीन प्रकाश, संजीव झा, केशव सिंह और रविंद्र ठाकुर सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोटिन दास, महासचिव कुमार राजेश रंजन और कमेटी के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के हित में लिए गए ये निर्णय लंबे समय से अपेक्षित कल्याणकारी कदम हैं।



