Homeक्राइमबड़ी खबर : रांची के कारोबारी से दो करोड़ की रंगदारी मांग,...

बड़ी खबर : रांची के कारोबारी से दो करोड़ की रंगदारी मांग, बेटे की हत्या और बमबारी की धमकी

रांची। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर बेटे की हत्या, घर, पेट्रोल पंप और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद कांके थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई धमकी

कांके ब्लॉक चौक स्थित कुमार बाग रोड निवासी कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह (59) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 3 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने 10 दिनों के भीतर दो करोड़ रुपये देने की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया।

शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई को फिर एक अन्य अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई।

बेटे की हत्या और बमबारी की धमकी

धमकी भरे संदेश में पैसे नहीं देने पर कारोबारी के पेट्रोल पंप, आवास और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी कराने तथा गोलीबारी की धमकी दी गई। साथ ही उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को “खून से लाल” कर देने और बेटे की हत्या करने की भी चेतावनी दी गई। संदेश में दावा किया गया कि आरोपितों के पास परिवार की पूरी जानकारी है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा है। संदेश के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ बताया गया है।

पारिवारिक विवाद का भी किया जिक्र

आशुतोष कुमार सिंह ने आवेदन में बताया कि पिछले करीब एक महीने से उनके भतीजे के साथ मकान कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि जब भी वह मकान खाली करने की बात करते हैं, उन्हें इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं।

पुलिस तकनीकी जांच में जुटी

कांके थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अंतरराष्ट्रीय नंबरों, कॉल डिटेल और व्हाट्सएप संदेश की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments