बाइक चोर गिरोह का सरगना सोनू करुआ उर्फ” लोलो” गिरफ्तार, तीन बाइक बरामद

पूर्वी सिंहभूम : कदमा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू करुआ उर्फ लोलो के रूप में हुई है, जो भाटिया बस्ती गोस्वामी पथ का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक भी बरामद की है।

मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज ठाकुर ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को कदमा-सोनारी लिंक रोड के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बाइक सवार पर पड़ी। जब उसे रोका गया और जांच की गई तो बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई।

इसके बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बाइक चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की तीन बाइक बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, सोनू करुआ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। फिलहाल पुलिस उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *