बिल्डर अनुराग सरावगी ने अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर दे दी जान

रांचीः रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में ब्लेटर अपार्टमेंट में रहने वाले बिल्डर अनुराग सरावगी ने अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना गुरुवार रात 10.30 बजे की है। जेडी हाई स्ट्रीट माॅल समेत कई अन्य व्यावसायिक और आवासीय भवनों का निर्माण बतौर बिल्डर अनुराग सरावगी ने किया है।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अनुराग सरावगी फ्लैट में अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ थे और पत्नी चेन्नई में अपनी मां का इलाज कराने गई थी। उनका पुत्र भी चेन्नई गया है। इस दौरान अनुराग सरावगी के घर का सारा कामकाज मेड ही कर रही हैं। गुरुवार को अनुराग सरावगी अपने कमरे में थे। इसी दौरान बालकोनी को बाहर से लाॅक कर नीचे कूद गए। नीचे गिरने से तेज आवाज और चीख सुनकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग बाहर निकले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की कोई स्पष्ट वजह नहीं मिली है। पत्नी और बेटे के आज चेन्नई से वापस आने की संभावना है। वहीं बुजुर्ग माता-पिता भी कुछ बता पाने में असमर्थ है। घटनास्थल के किसी सुसाइड नोट की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतक कहीं वित्तीय दबाव, व्यापारिक घाटे, पारिवारिक विवाद या किसी मानसिक तनाव से तो नहीं जूझ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *