मीरजापुर। कछवां थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका गोदाम (पड़ाव) के पास शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में पिता और पुत्रवधू की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा बेटा घायल हो गया। सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की लंबी कतार में तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद ट्रकों के चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
वाराणसी से इलाज कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपनी पत्नी 27 वर्षीय प्रगति खंडेलवाल और कैंसर पीड़ित 63 वर्षीय पिता प्रभात अग्रवाल को वाराणसी में इलाज कराने के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार कटका गोदाम के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की कतार में पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में प्रगति खंडेलवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रभात अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम अग्रवाल को मामूली चोटें आई हैं।
अस्पताल ले जाते समय पिता ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही औराई प्रभारी थाना राजेश कुमार और कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और जांच में जुटी है।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, कटका गोदाम के पास सड़क किनारे ट्रकों के अवैध खड़े होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। करीब छह महीने पहले भी इसी स्थान पर खड़ी ट्रक से कार टकराने पर पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद राजमार्ग किनारे अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
