पेट्रोलियम और एलपीजी की स्थिति पर लोगों को गुमराह कर रहा केंद्र : सुप्रियो

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमाे) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने देश में पेट्रोलियम और एलपीजी की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में ऊर्जा संकट की स्थिति बन रही है और सरकार वास्तविक हालात को छिपाकर लोगों को गुमराह कर रही है।

सुप्रियो ने यह बातें बुधवार को पार्टी के हरमू स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्री संसद के माध्यम से देश को गलत जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार यह दावा करती है कि एलपीजी का कोई संकट नहीं है, वहीं दूसरी ओर घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के बीच अब 25 दिनों का अंतर रखा गया है। उन्होंने चिंता जताई कि यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब रमजान का महीना चल रहा है और कई जगहों पर शादी और त्योहारों का सीजन भी है।

ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति और हो सकती है कठिन

सुप्रियो भट्टाचार्य ने इस संकट के लिए केंद्र सरकार की विदेश नीति को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने पारंपरिक मित्र देशों के साथ संबंध कमजोर कर लिए हैं। उनके अनुसार पहले जिन देशों से भारत को सस्ता तेल मिलता था, आज उनसे संबंध पहले जैसे नहीं रह गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति और भी कठिन हो सकती है।

सुप्रियो ने कहा कि इस संकट का असर आम लोगों के जीवन पर भी दिखाई देने लगा है। कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट गैस की कमी के कारण प्रभावित हो रहे हैं। रांची में भी बाहर से पढ़ाई करने आए छात्रों के लिए चलने वाली कई मेस और टिफिन सेवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एलपीजी, सीएनजी और पेट्रोलियम से जुड़ी व्यवस्था पूरी तरह केंद्र सरकार और उसके उपक्रमों के अधीन है, इसलिए इस संकट के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। उन्होंने मांग किया कि केंद्र सरकार इस स्थिति का जल्द समाधान निकाले ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *