Homeदेश-विदेशचीनी कंपनी ने पेश किया दुनिया का पहला एआई स्मार्टफोन, बिना इंटरनेट...

चीनी कंपनी ने पेश किया दुनिया का पहला एआई स्मार्टफोन, बिना इंटरनेट भी करेगा काम

नई दिल्ली। चीन की एआई कंपनी स्टेपफन (StepFun) ने दुनिया का पहला एजेंटिक एआई स्मार्टफोन स्टेपएक्स नियो (Step X Neo) पेश करने का दावा किया है। कंपनी के अनुसार यह फोन स्टेप अमू नाम के एआई एजेंट से लैस है, जो कई काम बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी कर सकता है।

स्टेप अमू एआई बनेगा फोन की सबसे बड़ी ताकत

स्टेपएक्स नियो नए स्टेप एओएस पर काम करता है। इसमें मौजूद स्टेप अमू एआई एजेंट सामान्य भाषा में बातचीत कर सकता है और उपयोगकर्ता के कई कार्य स्वतः पूरा करने में सक्षम है। कंपनी का दावा है कि यह प्रणाली एआई की मेमोरी, निर्णय क्षमता और कार्य निष्पादन को बेहतर बनाती है।

बिना इंटरनेट भी करेगा कई काम

कंपनी के मुताबिक फोन का ऑन-डिवाइस एआई मॉडल स्टेप एज इंटरनेट के बिना भी कई कार्य कर सकता है। इसकी मेमोरी रिकॉल स्पीड 15 मिलीसेकंड बताई गई है। जटिल कार्यों के लिए यह इंटरनेट का उपयोग करेगा, लेकिन उपयोगकर्ता का निजी डेटा फोन से बाहर साझा नहीं किया जाएगा।

एंड्रॉयड, लिनक्स और आरटीओएस का मिश्रण

स्टेपफन का दावा है कि फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉयड, लिनक्स और आरटीओएस का मिश्रण है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह पूरी तरह नया ऑपरेटिंग सिस्टम है या एंड्रॉयड आधारित इंटरफेस।

डॉट मैट्रिक्स डिस्प्ले और चीनी ऐप्स का साथ

सामने आए वीडियो के अनुसार फोन में डॉट मैट्रिक्स एलईडी डिस्प्ले दिया गया है। कंपनी ने अलीपे, बायडू और डीडी जैसे प्रमुख चीनी प्लेटफॉर्म के साथ साझेदारी की भी घोषणा की है। फिलहाल फोन के प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी और अन्य स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया गया है।

ओपनएआई के स्मार्टफोन से पहले बढ़ाया कदम

स्टेपएक्स नियो ऐसे समय में सामने आया है, जब ओपनएआई के भी एआई आधारित स्मार्टफोन पर काम करने की चर्चाएं हैं। ऐसे में स्टेपफन का दावा है कि उसने दुनिया का पहला एजेंटिक एआई स्मार्टफोन पेश कर इस क्षेत्र में बढ़त हासिल कर ली है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments