सारण। जिले के इसुआपुर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार को कर्तव्य में घोर लापरवाही, विधि-विरुद्ध कार्य और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
जांच में मिली गंभीर अनियमितताएं
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, मढ़ौरा-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट और औचक निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि इसुआपुर थाना कांड संख्या-245/26 (मंदिर चोरी मामले) की सूचना समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं दी गई।
इसके अलावा औचक निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में तीन लोगों को बिना किसी कानूनी कार्रवाई या प्राथमिकी दर्ज किए 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखा गया था, जिसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।
विभागीय कार्रवाई भी शुरू
निलंबन अवधि के दौरान गौरव कुमार का मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
