रांची। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो से मंगलवार देर रात वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। सदर अस्पताल में भर्ती महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए दीपके ने उनकी स्थिति पर चिंता जताई और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी देर रात सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से देवेंद्रनाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने महतो को बेहतर इलाज और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों को उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने को कहा।
डुमरी विधायक जयराम महतो भी देर रात सदर अस्पताल पहुंचे और देवेंद्रनाथ महतो से मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ चिकित्सकों से उपचार की मौजूदा स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
भूख हड़ताल का 10वां और आंदोलन का 18वां दिन
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलनरत देवेंद्रनाथ महतो की भूख हड़ताल मंगलवार को 10वें दिन पहुंच गई, जबकि आंदोलन का 18वां दिन है। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महतो की बिगड़ती तबीयत को लेकर उनके समर्थकों और आंदोलनरत छात्रों में भी चिंता बनी हुई है। आंदोलन से जुड़े छात्रों का कहना है कि महतो के स्वास्थ्य की स्थिति गंभीर होने के बावजूद उनकी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। छात्रों ने सरकार से बातचीत के जरिए पूरे मामले का समाधान निकालने की मांग की है।


