स्मार्टफोन और घरेलू मनोरंजन उपकरणों की दुनिया में कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। लावा ने 9 हजार रुपये से कम कीमत में नया स्मार्टफोन बाजार में उतारा है। वहीं, boAt ने पहली बार स्मार्ट प्रोजेक्टर पेश किए हैं। वीवो ने अपने प्रीमियम स्मार्टफोन की कीमत बढ़ा दी है, जबकि रियलमी के आगामी 16एक्स की कीमत और प्रमुख फीचर्स लॉन्च से पहले सामने आ गए हैं। दूसरी ओर, सैमसंग भी गैलेक्सी ए18 को जल्द बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है।
लावा स्मार्ट 4 हुआ लॉन्च
लावा ने बजट श्रेणी में नया स्मार्टफोन लावा स्मार्ट 4 पेश किया है। इसकी कीमत 8,499 रुपये रखी गई है। कंपनी ने इसे खास तौर पर पहली बार स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। फोन में 6.56 इंच का क्यूएचडी डिस्प्ले, यूनिसॉक एससी9863ए प्रोसेसर, 3 जीबी रैम और 32 जीबी आंतरिक स्टोरेज दी गई है। कंपनी इसे मजबूत डिजाइन के साथ पेश कर रही है।
boAt ने पेश किए स्मार्ट प्रोजेक्टर
भारतीय तकनीकी कंपनी boAt ने घरेलू मनोरंजन उत्पादों की अपनी श्रृंखला का विस्तार करते हुए सिनेहेड एफ1 श्रृंखला के तहत दो स्मार्ट प्रोजेक्टर पेश किए हैं। इनमें सिनेहेड एफ1 और एफ1 प्रो शामिल हैं। दोनों प्रोजेक्टर गूगल टीवी 5.0 के साथ आते हैं और इनमें 1080पी फुल एचडी मूल रेजोल्यूशन के साथ 4के सामग्री का समर्थन मिलता है।
इन प्रोजेक्टर में 40 से 120 इंच तक स्क्रीन प्रोजेक्शन, डॉल्बी ऑडियो, ऑटो-फोकस और ऑटो-कीस्टोन जैसे फीचर दिए गए हैं। एफ1 प्रो मॉडल में 500 एएनएसआई ल्यूमिन्स की चमक और 10 वॉट का स्पीकर मिलता है। इनकी कीमत 32,999 रुपये से शुरू होती है।
वीवो एक्स300 एफई की कीमत बढ़ी
वीवो ने अपने प्रीमियम स्मार्टफोन एक्स300 एफई की कीमत में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। जानकारी के अनुसार 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत अब 89,999 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 86,999 रुपये में उपलब्ध था। वहीं 12 जीबी रैम और 512 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 96,999 रुपये से बढ़कर 99,999 रुपये हो गई है।
रियलमी 16एक्स की कीमत लीक
रियलमी 16एक्स को 12 अगस्त को लॉन्च किया जाना है। लॉन्च से पहले इसकी संभावित कीमत और स्पेसिफिकेशन सामने आ गए हैं। जानकारी के अनुसार 4 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाले शुरुआती मॉडल की कीमत 27,999 रुपये हो सकती है। वहीं 6 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज मॉडल की कीमत 30,999 रुपये बताई जा रही है।
फोन में 6.8 इंच का 144 हर्ट्ज एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले, मीडियाटेक डायमेंसिटी 6300 प्रोसेसर, एलपीडीडीआर4एक्स रैम और यूएफएस 2.2 स्टोरेज मिलने की बात कही जा रही है। इसमें 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा और 7,000 एमएएच की बड़ी बैटरी भी मिल सकती है।
सैमसंग गैलेक्सी ए18 जल्द होगा लॉन्च
सैमसंग अपने बजट स्मार्टफोन गैलेक्सी ए18 को बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है। सामने आई जानकारी के अनुसार यह फोन 4जी और 5जी दोनों संस्करणों में आ सकता है। इसमें मीडियाटेक हेलियो जी99 या स्नैपड्रैगन प्रोसेसर दिए जाने की संभावना है।
फोन में 6.7 इंच का सुपर एमोलेड 90 हर्ट्ज डिस्प्ले, 50 मेगापिक्सल का मुख्य रियर कैमरा और 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मिल सकता है। इसके अलावा 25 वॉट फास्ट चार्जिंग के साथ 6,000 एमएएच तक की बैटरी दिए जाने की उम्मीद है।


