पश्चिमी सिंहभूम। जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव में एक दंपत्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु के शव शुक्रवार सुबह सरकारी तालाब के समीप बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ लोग शौच के लिए तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान तालाब से जुड़े नाले के पास दोनों के शव पड़े मिले। शवों की पहचान होने के बाद गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान
सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने में लग गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर धारदार हथियार, संभवतः टांगी, से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं। घटना गुरुवार देर शाम या रात की बताई जा रही है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू और पुलिस निरीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। स्थानीय स्तर पर अंधविश्वास, डायन-बिसाही और जमीन-संपत्ति विवाद जैसी विभिन्न चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।


