सनकी बंदूकधारी ने 8 बच्चों को उतारा मौत के घाट। जाने क्या है इसके पीछे का कारण

बैटन रूज (लुइसियाना) : अमेरिका के लुइसियाना प्रांत से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। श्रेवेपोर्ट में रविवार तड़के एक पूर्व सैन्यकर्मी ने तीन घरों में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 8 मासूम बच्चों की जान चली गई। जनवरी 2024 के बाद से यह अमेरिका की सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी (Mass Shooting) की घटना बताई जा रही है।

तीन घरों में घुसा शूटर, 10 लोग बने शिकार
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध शूटर की पहचान शमार एल्किन्स के रूप में हुई है, जो पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। एल्किन्स ने सबसे पहले सड़क पर एक महिला को गोली मारी और फिर पास के घरों में घुसकर मौत का नंगा नाच खेला। इस हमले में कुल 10 लोग गोलीबारी का शिकार हुए, जिनमें से 8 बच्चों की मौत हो गई। मरने वाले बच्चों में से 7 सगे भाई-बहन थे, जिनकी उम्र महज 3 से 11 साल के बीच थी।

छत से कूदकर बचा किशोर, चश्मदीदों की रूह कांपी
घटना के दौरान एक 13 वर्षीय लड़के ने घर की छत से कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि इस दौरान उसकी हड्डियां टूट गई हैं। कुछ बच्चों ने पिछले दरवाजे से भागने की कोशिश भी की लेकिन वे शूटर की गोलियों का निशाना बन गए। घटनास्थल पर पहुंचीं नगर परिषद सदस्य तबाथा एच. टेलर मंजर देखकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने इसे शहर के इतिहास की सबसे काली घटना करार दिया है।

शूटर का बैकग्राउंड: आर्मी नेशनल गार्ड में दे चुका था सेवा
जांच में खुलासा हुआ है कि संदिग्ध शमार एल्किन्स लुइसियाना आर्मी नेशनल गार्ड में 7 साल तक सेवा दे चुका था। उसे 2019 में भी हथियारों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस साल अब तक अमेरिका में 114 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं, जो वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती हैं।

नेताओं ने जताया शोक: अमेरिकी हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने इन हत्याओं को ‘दिल तोड़ने वाला’ बताया है। मेयर टॉम आर्सेनो ने कहा कि इस क्रूरता ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल कई एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *