बीजिंग। चीन के दक्षिणी ग्वांगडोंग प्रांत में चक्रवात ‘नौल’ के दस्तक देने के बाद राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रेड अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात के केंद्र के पास हवा की अधिकतम गति 14 स्तर तक दर्ज की गई। हालांकि रविवार सुबह यह कमजोर होकर सामान्य चक्रवात में बदल गया। केंद्र ने भारी वर्षा के लिए रेड अलर्ट और गंभीर संवहनी मौसम के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी करते हुए अचानक बाढ़ और भूस्खलन से बचाव के उपाय तेज करने के निर्देश दिए हैं।
चीन में मौसम चेतावनी की चार स्तरीय प्रणाली लागू है, जिसमें सबसे गंभीर चेतावनी रेड, उसके बाद ऑरेंज, येलो और ब्ल्यू अलर्ट जारी किए जाते हैं।
आपात प्रतिक्रिया बढ़ाई गई
राज्य बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने ग्वांगडोंग प्रांत में बाढ़ और चक्रवात से निपटने के लिए आपात प्रतिक्रिया को तीसरे स्तर तक बढ़ा दिया है। वहीं जियांग्शी और हुनान प्रांतों में चौथे स्तर की आपात प्रतिक्रिया लागू की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार देर रात चक्रवात का केंद्र ग्वांगडोंग के हुइझोउ शहर के हुइदोंग क्षेत्र से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में समुद्र में स्थित था। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और तट से टकराने के बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना जताई गई है।
उड़ानें और रेल सेवाएं प्रभावित
चक्रवात के असर को देखते हुए हांगकांग में 410 से अधिक उड़ानें और 150 तेज रफ्तार रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। संभावित आपदा से निपटने के लिए गृह विभाग ने 28 अस्थायी आश्रय स्थल भी खोले हैं।


