युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, पर्स लूटकर फरार हुए बदमाश

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर में चापड़बाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पदभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर टेल्को थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला कर बदमाशों ने पर्स लूट लिया। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

घर लौटते समय वारदात को दिया अंजाम

घटना टेल्को थाना क्षेत्र के तार कंपनी रोड की है। जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी बुधवार देर रात मानगो से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के दौरान अशीम बनर्जी ने दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार चापड़ से हमला करते रहे। गंभीर रूप से घायल करने के बाद बदमाश उनका पर्स लूटकर मौके से फरार हो गए।

दोनों हाथ बुरी तरह घायल, प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, चापड़ के वार से अशीम बनर्जी के दोनों हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए हाथों की प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *