कोडरमा घाटी में छह वाहन आपस में टकराए, रातभर लगा जाम, सुबह बहाल हुआ यातायात

कोडरमा। रांची–पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप बुधवार रात सिलसिलेवार सड़क हादसों में करीब छह वाहन आपस में टकरा गए। हादसों के कारण घाटी के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों यात्री पूरी रात फंसे रहे। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। गुरुवार सुबह पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया।

एक के बाद एक हादसों से बिगड़े हालात

कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि बुधवार रात बिहार से रेडीमेड कपड़ा लेकर रांची जा रहा एक ट्रक नौवां माइल के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक पर लदे कपड़ों के कार्टन सड़क पर बिखर गए। ट्रक चालक सुनील साव को मामूली चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद कुमार, एसआई धनेश्वर कुमार और पुलिस टीम क्रेन के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया और बिखरे कार्टनों को हटाकर मार्ग साफ कराया गया।

इसी दौरान राहत कार्य पूरा होने से पहले ही केटीपीएस से ऐश (डस्ट) लेकर बिहार जा रही एक हाईवा भी उसी स्थान पर पलट गई। हाईवा से सड़क पर डस्ट फैल जाने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसके बाद पीछे आ रहे तीन से चार अन्य वाहन भी अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए, जिससे घाटी में लंबा जाम लग गया।

बारिश और फिसलन बनी हादसों की वजह

थाना प्रभारी के अनुसार, रात में हुई मूसलाधार बारिश से सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। वहीं नौवां माइल का घुमावदार ढलान और चढ़ाई भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बना। फिसलन के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठे और लगातार हादसे होते चले गए।

पुलिस ने देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया। गुरुवार सुबह धीरे-धीरे जाम में फंसे वाहनों को निकाला गया और यातायात पूरी तरह बहाल कराया गया।

रातभर जाम में फंसे रहे यात्री

दुर्घटनाओं के कारण रांची–पटना मुख्य मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों यात्री पूरी रात जाम में फंसे रहे। वहीं कई वाहन चालकों ने स्थिति की जानकारी मिलने के बाद बरही–गया मार्ग से होकर बिहार की ओर वैकल्पिक रास्ता अपनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *