रांची। झारखंड के चर्चित शराब घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव सोमवार को निर्धारित समय पर रांची के हिनू स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
दूसरे समन पर ईडी कार्यालय पहुंचे रोहित उरांव
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ईडी ने रोहित उरांव से पूछताछ शुरू की। जांच एजेंसी उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उनसे विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ले रही है। पूछताछ का केंद्र कथित शराब घोटाले से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अन्य संबंधित पहलू हैं।
ईडी की जांच झारखंड के कथित शराब घोटाले और उससे जुड़े कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित मामलों पर केंद्रित है। इसी सिलसिले में रोहित उरांव को दूसरा समन जारी कर छह जुलाई को पेश होने का निर्देश दिया गया था।
सात जुलाई को रामेश्वर उरांव से होगी पूछताछ
ईडी ने पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव को भी सात जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया है। एजेंसी उनसे शराब घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
इससे पहले रोहित उरांव को 29 जून और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि, दोनों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए तीन सप्ताह का समय मांगा था। ईडी ने केवल एक सप्ताह की मोहलत देते हुए नए समन जारी किए।
अब रोहित उरांव से जारी पूछताछ और मंगलवार को रामेश्वर उरांव की प्रस्तावित पेशी को जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ईडी कथित शराब घोटाले से जुड़े आर्थिक लेन-देन, निर्णय प्रक्रिया और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि आगे की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
