HomeBreaking Newsभोपाल में किसानों का प्रदर्शन तेज, सीएम हाउस घेराव के ऐलान के...

भोपाल में किसानों का प्रदर्शन तेज, सीएम हाउस घेराव के ऐलान के बीच स्कूलों में छुट्टी

भोपाल। मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद की आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे किसानों ने मंगलवार देर रात होशंगाबाद रोड पर ही डेरा डाल दिया। प्रशासन के साथ देर रात तक चली बातचीत बेनतीजा रहने के बाद किसान बुधवार को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने पर अड़े हैं। आंदोलन को देखते हुए भोपाल कलेक्टर ने नर्मदापुरम रोड स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

करीब दो हजार किसान सड़क पर डटे

नर्मदापुरम के बरखेड़ा से शुरू हुई ‘किसान क्रांति पैदल यात्रा’ मंगलवार शाम भोपाल की सीमा में पहुंची। देर रात करीब दो हजार किसानों ने होशंगाबाद रोड पर पड़ाव डाल दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

यातायात प्रभावित, कई मार्गों पर रूट डायवर्ट

किसानों के सड़क पर डटे रहने के कारण नर्मदापुरम रोड, एम्स मार्ग, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स क्षेत्र में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर रूट डायवर्ट किए हैं, जिससे सुबह से ही लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री निवास के आसपास कड़ी सुरक्षा

मुख्यमंत्री निवास के घेराव के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। वीर सावरकर सेतु से पहले भारी पुलिस बल तैनात कर मुख्य रास्तों को सील कर दिया गया है। मुख्यमंत्री निवास और आसपास के इलाके में एसएएफ, आरएएफ और 20 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। वाटर कैनन, वज्र वाहन और दंगा रोधी उपकरण भी तैयार रखे गए हैं।

कृषि मंत्री ने किसानों से की बातचीत

मंगलवार रात कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति संवेदनशील है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। मंत्री ने किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील भी की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments