मस्कट (ओमान)। भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
फाइनल में पाकिस्तान पर शानदार जीत
भारतीय पुरुष टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पांचवें मिनट में रोमित पाल ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के 12वें मिनट में कप्तान केतन कुशवाहा ने बढ़त दोगुनी कर दी। इसके एक मिनट बाद शाहरुख अली ने तीसरा गोल दागकर भारत को 3-0 की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने कोई और मौका नहीं दिया और भारत ने 3-1 से मुकाबला जीतकर एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अपराजित रहकर जीता खिताब
भारतीय पुरुष टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही। टीम ने एलीट पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया और फाइनल में पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत और पाकिस्तान दोनों ने उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
महिला टीम ने जीता रजत
भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि खिताबी मुकाबले में चीन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।
हॉकी इंडिया ने की पुरस्कार राशि की घोषणा
दोनों टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कार की घोषणा की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, रजत पदक जीतने वाली महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।


