मस्कट। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को खेले गए एलीट पूल मुकाबलों में पुरुष टीम ने मेजबान ओमान और पाकिस्तान को हराया, जबकि महिला टीम ने चीन के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेला और उज्बेकिस्तान को एकतरफा अंदाज में शिकस्त दी।
पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत
भारतीय पुरुष टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-4 से हराकर लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा। भारत के लिए करण गौतम ने 5वें, 9वें और 19वें मिनट में गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। राहुल यादव, प्रह्लाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने भी एक-एक गोल किया।
पाकिस्तान की ओर से असलम मुहम्मद फरहान, अदील और उस्मान मुहम्मद ने गोल किए, लेकिन भारतीय टीम के आक्रमण के सामने वह टिक नहीं सके।
ओमान को 14-0 से रौंदा
इससे पहले भारत ने मेजबान ओमान को 14-0 के बड़े अंतर से हराया। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल किए, जबकि आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक जमाई। राहुल यादव और शाहरुख अली ने दो-दो गोल किए। प्रह्लाद राजभर, करण गौतम और रोमित पाल ने भी गोल कर जीत में अहम योगदान दिया।
महिला टीम ने चीन से ड्रॉ, उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया
भारतीय महिला टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। चीन ने शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन नौशीन नाज ने लगातार दो गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। हालांकि अंतिम क्षणों में चीन ने बराबरी का गोल कर मुकाबला ड्रॉ करा दिया।
इसके बाद भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान पर 16-0 की बड़ी जीत दर्ज की। नौशीन नाज ने चार गोल किए, जबकि संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर ने हैट्रिक लगाई। दिया और पुष्पा मांझी ने दो-दो गोल किए। किरण एक्का और नीलम टोपनो ने भी एक-एक गोल दागा।
विश्व कप क्वालीफिकेशन की मजबूत दावेदार
एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026, पहले एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप का एशियाई क्वालीफायर भी है। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय हैं और विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं।


