भागलपुर : वाहनों की टक्कर में चार लोगों की मौत,छह घायल

भागलपुर : बिहार में भागलपुर जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र मेंमंगलवार की रात एक बस और दो छोटी गाड़ियों के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए।
भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ.नवल किशोर चौधरी ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के रेलवे ढाला के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग -31 पर खगड़िया से आ रही एक निजी बस और दो छोटी गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई।इस घटना में दोनों गाड़ियों पर सवार चार लोगों की मौत हो गई तथा अन्य छह घायल हो गए। उक्त गाड़ियां नवगछिया से नारायणपुर की ओर जा रही थी।उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से सभी घायलों को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में दो की पहचान अरविंद मंडल एवं कुणाल कुमार के रुप में हुई है और दोनों कटिहार तथा खगड़िया जिले का रहने वाला था। जबकि अन्य दो की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *