बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्राम पीपरपान के पास सनावल रोड पर तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मारने के बाद वाहन रोकने के बजाय घायलों को काफी दूर तक घसीट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बाजार से घर लौट रहे थे सभी युवक
जानकारी के अनुसार, मृत युवक डिंडो बाजार से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे सुन्दरपुर मोड़ से आगे ग्राम पीपरपान के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर ईंटों से पूरी तरह लदा हुआ था और चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद चालक ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश नहीं की और घायल युवकों को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया।
मृतकों में तीन सगे और चचेरे भाई, परिजनों में कोहराम
इस वीभत्स हादसे में रमेश पण्डो (19 वर्ष), मनोज पण्डो (21 वर्ष), नरेश पण्डो (19 वर्ष) और राकेश पण्डो (17 वर्ष) की अकाल मौत हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुँचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुँचे, जिससे वहाँ का माहौल बेहद गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक को जल्द पकड़कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
मामले में सनावल थाना प्रभारी (टीआई) बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए ट्रैक्टर और उसके दोषी चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
