नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार सर्वदलीय फ्लोर लीडर्स की बैठक बुला सकती है। पिछले चार दिनों से सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है।
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स से चर्चा की अवधि और नियमों पर सहमति बनाने की अपील की, ताकि सदन में सार्थक बहस हो सके।
शुक्रवार को बन सकती है सहमति
सरकार की कोशिश है कि संसद में जारी गतिरोध समाप्त हो और नीट पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा का रास्ता साफ हो। इसके लिए शुक्रवार को दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने को लेकर सहमति बनाने का प्रयास किया जा सकता है।
विपक्ष जवाबदेही की मांग पर अड़ा
विपक्ष लगातार नीट पेपर लीक मामले पर विस्तृत चर्चा और सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहा है। वहीं सरकार का कहना है कि वह बिना किसी शर्त के इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है।


