रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे हेमंत सोरेन, बाहा पर्व में होंगे शामिल

रामग़ढ़ : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार देर रात अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, मां रूपी सोरेन और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। सीएम के आगमन से पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री हर वर्ष होली के दिन या उसके बाद अपने पैतृक गांव आकर ग्रामीणों से मुलाकात करते हैं और जाहेर स्थान पर आयोजित बाहा पूजा में हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष भी वे आदिवासी समाज के साथ बाहा पर्व मनाने और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना में भाग लेने पहुंचे हैं।

गुरुवार को वे विधि-विधान के साथ ग्रामीणों संग बाहा पूजा करेंगे। पूजा संपन्न कराने की जिम्मेदारी पाहन निभाएंगे। ग्रामीणों ने जाहेर स्थान की विशेष साफ-सफाई और सजावट की है, जहां मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में लोग पूजा में शामिल होंगे।

16 फरवरी को बाहा पूजा के लिए नाइके बाबा का चयन किया गया था। चेतन टुडू को सर्वसम्मति से नाइके बाबा चुना गया, जो इस वर्ष पूजा का संचालन करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपायुक्त फैज अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *