भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भारत का सामना जिम्बाब्वे के साथ चेन्नई में हुआ। इस मैच में भारत ने अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या की तूफानी अर्धशतकीय पारी और अर्शदीप सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने 2 अंक हासिल किए और अंकतालिका में अपना खाता खोला। हार्दिक पंड्या को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए और जिम्बाब्वे को जीत के लिए 257 का टारगेट दिया। ये टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना पाई। इस हार के बाद जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गया। संजू सैमसन ने 15 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली जबकि इशान ने 24 गेंदों पर 38 रन बनाए। अभिषेक ने 26 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और 55 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंदों पर 33 रन ठोके। हार्दिक पंड्या ने 23 गेंदों पर लगातार 2 छक्के लगाकर अर्धशतक पूरा किया और नाबाद 50 रन की पारी खेली। वहीं तिलक वर्मा ने 16 गेंदों पर नाबाद 44 रन की पारी खेली। जिम्बाब्वे के लिए नगारवा, मुजरबानी, सिकंदर रजा और मापोसा ने एक-एक विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *