झारखंड टी20 लीग: आर्यन हुड्डा की 94 रन की तूफानी पारी, रांची टाइटंस बनी टेबल टॉपर

रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के सातवें दिन रांची टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धनबाद डायमंड्स को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में आर्यन हुड्डा और शिखर मोहन की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर रांची ने 192 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए धनबाद डायमंड्स ने 20 ओवर में 191 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए राम रौशन शरण ने मात्र 24 गेंदों में 58 रन की विस्फोटक पारी खेली। आदित्य सिंह ने 26 और विशेष दत्ता ने 24 रन का योगदान दिया। रांची टाइटंस की ओर से प्रिंस अनुराग मुर्मू सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान राजदीप सिंह और युवराज कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।

आर्यन-शिखर की शतकीय साझेदारी ने दिलाई जीत

192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची टाइटंस को आर्यन हुड्डा और शिखर मोहन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह रांची की ओर मोड़ दिया। आर्यन हुड्डा ने 55 गेंदों में नाबाद 94 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि शिखर मोहन ने 37 गेंदों में 62 रन बनाए। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत रांची टाइटंस ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। आर्यन हुड्डा को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिन के पहले मुकाबले में संथाल स्ट्राइकर्स ने कोयलांचल सुपर किंग्स को सात विकेट से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग्स ने 148/8 रन बनाए, जिसमें शरनदीप सिंह भाटिया ने 58 और रॉबिन मिंज ने 40 रन की पारी खेली। जवाब में विवेक कुमार ने 64 और कुमार सूरज ने 34 रन बनाकर संथाल स्ट्राइकर्स को 18.2 ओवर में जीत दिला दी। स्ट्राइकर्स के गेंदबाज प्रत्युष कुमार को 3 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अब बुधवार को दिन के पहले मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स और संथाल स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे, जबकि प्राइम टाइम मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स का सामना कोयलांचल सुपर किंग्स से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *