खूंटी। मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) सह महिला थाना प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक सुलेखा कुमारी सपना को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम उन्हें अपने साथ रांची ले गई।
चार लाख 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप
एसीबी ने यह कार्रवाई खूंटी के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार की शिकायत के सत्यापन के बाद की। आरोपित थाना प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ महिला थाना में दर्ज कांड संख्या-06/2025 की जांच के दौरान थाना प्रभारी ने मामले में राहत दिलाने और सहयोग करने के बदले चार लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।
जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर गुरुवार को एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर पिपराटोली, खूंटी के पास सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी मामले की आगे की जांच कर रही है।


