लालू परिवार ने सत्ता में रहते बिहार के खजाने का किया बंटाधार : उमेश कुशवाहा

पटना: बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि लालू परिवार के शासनकाल में घोटालों की वजह से प्रदेश के खजाने का बंटाधार हो गया और बिहार आर्थिक पिछड़ेपन एवं बदहाली के गर्त में चला गया। श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के समय भ्रष्टाचार के चलते प्रदेश के विकास की गति बाधित हुई और इसका खामियाजा आज भी राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
जदयू के नेता ने कहा कि समाजवाद के नाम पर लालू एंड कंपनी ने बिहार की जनता के विश्वास के साथ छल करते हुए अवैध तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में लालू परिवार सबसे भ्रष्ट राजनीतिक परिवारों में एक है। उनके खिलाफ कई घोटालों के मामले न्यायालय में लंबित हैं और आज पूरा परिवार हर महीने सुनवाई के लिए दिल्ली की अदालतों का चक्कर लगाने को मजबूर है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *