रांची। झारखंड के कथित शराब घोटाले और उससे जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को पूर्व वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर उरांव से पूछताछ की। ईडी के समन के अनुपालन में उरांव निर्धारित समय पर रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां जांच अधिकारियों ने उनसे मामले के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ शुरू की।
वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों पर पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम रामेश्वर उरांव से कथित वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों, कारोबारी संबंधों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसी उनके बयान का मिलान बैंक खातों के विवरण, डिजिटल साक्ष्यों और अपने पास उपलब्ध अन्य दस्तावेजों से कर रही है।
इससे एक दिन पहले, छह जुलाई को ईडी ने इसी मामले में रामेश्वर उरांव के पुत्र से भी कई घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी दोनों के बयानों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पहले समन के बाद मांगा था समय
ईडी ने रामेश्वर उरांव को पहली बार 30 जून को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। हालांकि, उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देते हुए अतिरिक्त समय का अनुरोध किया था। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें सात जुलाई को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया, जिसके बाद वह मंगलवार को ईडी कार्यालय पहुंचे और जांच में सहयोग कर रहे हैं।
2023 में हुई थी कई ठिकानों पर छापेमारी
वर्ष 2023 में कथित शराब घोटाले और धन शोधन मामले की जांच के दौरान ईडी ने झारखंड के विभिन्न जिलों में 32 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। उस दौरान रामेश्वर उरांव के आवास की भी तलाशी ली गई थी। ईडी ने तब वहां से करीब 30 लाख रुपये नकद बरामद करने का दावा किया था।
जांच एजेंसी कथित अवैध वित्तीय लेन-देन, शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क और धन शोधन के आरोपों की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल ईडी की ओर से पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
