होमगार्ड भर्ती का महाकुंभ आज से, 1500 पदों के लिए 15 हजार अभ्यर्थियों में मचेगी होड़

धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में होमगार्ड के करीब 1500 रिक्त पदों पर बहाली की प्रक्रिया आज यानी सोमवार से शुरू हो गई है। बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस भर्ती अभियान को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।

22 अप्रैल तक चलेगा भर्ती का कारवां
इस भर्ती अभियान में जिले भर से लगभग 15,000 उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है। यह प्रक्रिया 22 अप्रैल तक निरंतर चलेगी। योजना के अनुसार प्रतिदिन लगभग 1000 महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण किया जाएगा अभ्यर्थियों को सबसे पहले दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की बाधा पार करनी होगी। शारीरिक परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को उसी दिन लिखित परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा।

फर्जीवाड़े पर लगाम: सघन जांच और रिहर्सल
बहाली प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए रविवार को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अधिकारियों ने मॉक ड्रिल (रिहर्सल) की। किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की जाएगी. पहचान पत्र सत्यापन: प्रवेश द्वार पर ही कड़ी जांच। दस्तावेजों का मिलान: शैक्षणिक और तकनीकी प्रमाण पत्रों की बारीकी से पड़ताल। FRD प्रक्रिया: डिजिटल माध्यम से डेटा का सुरक्षित सत्यापन।

तीसरी आंख की निगरानी में बहाली
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर जानकारी देते हुए बताया “पूरी बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए मैदान के कोने-कोने में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

प्रशासन की इस मुस्तैदी से अभ्यर्थियों में विश्वास है कि केवल योग्य और पात्र उम्मीदवारों को ही सेवा का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *