Homeक्राइमपलामू: सगाई की खुशियां मातम में बदलीं, नशे में धुत छोटे भाई...

पलामू: सगाई की खुशियां मातम में बदलीं, नशे में धुत छोटे भाई ने बड़े भाई को टांगी से काट डाला

पलामू । झारखंड के पलामू जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदाग गांव में मामूली विवाद के बाद छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।

जश्न के बीच खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, मृतक पिंटू भुईयां के सबसे बड़े भाई के बेटे की सगाई का कार्यक्रम था। इस खुशी के मौके पर परिवार के चारों भाई एक साथ जुटे थे। सगाई के दौरान सभी भाइयों ने शराब का सेवन किया। इसी बीच नशे की हालत में पिंटू भुईयां का अपने छोटे भाई सीटू भुईयां से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सीटू ने टांगी से पिंटू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अस्पताल में मौत, गुपचुप अंतिम संस्कार की कोशिश
लहूलुहान हालत में परिजनों ने पिंटू को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हैरानी की बात यह रही कि कानूनी कार्रवाई के डर से परिजन अस्पताल से शव लेकर भाग निकले और गांव पहुँचकर आनन-फानन में अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सूचना मिलते ही पांकी पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया “शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुआ विवाद इस हत्या की मुख्य वजह बना है। आरोपी छोटा भाई फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। दोनों भाई बाहर ईंट भट्ठों में काम करते थे और सगाई के लिए ही गांव आए थे।”

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments