जमीन के विवाद में चाकू मारकर युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मोतिहारी।

शिकारगंज थाना क्षेत्र के चमही गांव में शुक्रवार शाम जमीन विवाद में 33 वर्षीय युवक आलोक पटेल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।

मृतक आलोक पटेल, पिता रामचंद्र राउत, गांव चमही के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, पड़ोसी शंकर साह से पिछले एक सप्ताह से महज एक फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई थी और 25 मई को अमीन से नापी कराने पर सहमति बनी थी।

शुक्रवार शाम शंकर साह परिवार के सदस्यों के साथ आलोक के घर पहुंचे। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आलोक अपने पिता को बचाने गए तो शंकर साह के पुत्र संतोष साह ने उनके सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल आलोक की मौके पर ही मौत हो गई। मारपीट में पिता रामचंद्र राउत भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी संतोष साह को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में चार महिलाओं समेत कई लोगों से पूछताछ हो रही है। FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस जमीन के कागजात और पंचायत के फैसले की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *