मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.89 लाख महिलाओं को बड़ी सौगात, खातों में पहुंचे 97.32 करोड़ रुपये

रांची। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं के लिए खुशियों वाली खबर है। जिला प्रशासन ने मार्च महीने की सम्मान राशि का सफल भुगतान कर दिया है। इस योजना के तहत जिले की कुल 3,89,296 महिला लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से कुल 97 करोड़ 32 लाख 40 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।

सीधे खाते में पहुंची 2500 रुपये की किस्त
पूरी भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए आधार बेस्ड सिस्टम का उपयोग किया गया है। प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में 2500 रुपये की राशि भेजी गई है। जिला प्रशासन ने समयबद्ध तरीके से इस कार्य को पूरा कर सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मिसाल पेश की है।

कहां कितने लाभुकों को मिला फायदा
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में भुगतान की स्थिति कुछ इस प्रकार रही:
कांके: 31,548 लाभुक
सदर शहरी क्षेत्र: 24,780 लाभुक
मांडर: 23,079 लाभुक
सिल्ली: 21,120 लाभुक
बेड़ो: 20,571 लाभुक
चान्हो: 19,699 लाभुक
रातू: 18,545 लाभुक
नगड़ी: 17,856 लाभुक

इसके अलावा अनगड़ा, बुढ़मू, नामकुम, ओरमांझी और तमाड़ जैसे क्षेत्रों में भी हजारों महिलाओं को योजना का सीधा लाभ मिला है।

उपायुक्त का निर्देश: पारदर्शिता और त्वरित समाधान
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी पात्र महिलाओं तक समय पर लाभ पहुँचाना है। उन्होंने कहा “सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भुगतान प्रक्रिया में कोई विलंब न हो। यदि किसी महिला को राशि प्राप्त करने में समस्या आती है, तो उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।”

समस्या के लिए “अबुआ साथी” व्हाट्सएप नंबर जारी
किसी भी प्रकार की शिकायत या तकनीकी समस्या के लिए प्रशासन ने “अबुआ साथी” हेल्पलाइन नंबर 9430328080 जारी किया है। लाभुक इस व्हाट्सएप नंबर पर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं, जिसका त्वरित निपटारा किया जा रहा है।

यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के स्वावलंबन का आधार भी बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *