Homeफीचरपकवानबचे हुए चावल और सूजी से बनाएं स्पंजी नाश्ता, मिनटों में तैयार...

बचे हुए चावल और सूजी से बनाएं स्पंजी नाश्ता, मिनटों में तैयार होगी स्वादिष्ट रेसिपी

अक्सर रात के बचे हुए चावल को लेकर लोग सोच में पड़ जाते हैं कि इससे क्या बनाया जाए। अगर आप रोज-रोज फ्राइड राइस खाकर बोर हो चुके हैं, तो बचे हुए चावल, सूजी और दही से एक नया और स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर सकते हैं। यह नाश्ता बेहद मुलायम, स्पंजी और हल्का होता है, जिसे चटपटी चटनी के साथ परोसा जा सकता है।

चावल और सूजी का घोल तैयार करें

इसके लिए एक कटोरी बचे हुए पके चावल लें। इसमें एक कप सूजी, आधा कप दही, एक कप पानी और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और करीब 5 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।

इसके बाद चावल और सूजी के मिश्रण को मिक्सी में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और बारीक पेस्ट तैयार कर लें। तैयार घोल में थोड़ा फ्रूट साल्ट मिलाएं, जिससे नाश्ता हल्का और स्पंजी बनेगा।

चटपटी टमाटर चटनी बनाने का तरीका

चटनी के लिए एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें चना दाल और उड़द दाल डालकर हल्का भूनें। इसके बाद लहसुन की कलियां, हरी मिर्च, प्याज और सूखी लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह पकाएं।

अब इसमें कटे हुए टमाटर और थोड़ा नमक डालकर ढक दें। टमाटर नरम होने के बाद मिश्रण को ठंडा करें और मिक्सी में पीस लें। स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से राई, करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगा सकते हैं।

ऐसे बनाएं स्पंजी नाश्ता

तवे या पैन को हल्का तेल लगाकर गर्म करें। अब तैयार घोल को कलछी की मदद से फैलाएं और धीमी आंच पर ढककर पकाएं। कुछ देर बाद नाश्ते पर जालीदार बनावट दिखाई देने लगेगी। इसे दोनों तरफ से हल्का सेंककर प्लेट में निकाल लें।

गरमा-गरम स्पंजी नाश्ते को तैयार टमाटर चटनी के साथ परोसें। यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ घर में बचे हुए चावल का बेहतर उपयोग करने का आसान तरीका भी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments