‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ में मांडविया का संदेश, रोज एक घंटा खेल-कूद को दें

नई दिल्ली। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 80वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से प्रतिदिन मोबाइल स्क्रीन का कम से कम एक घंटा कम करके उस समय को खेल-कूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने की अपील की।

9,000 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

श्री सत्य साईं के 100वें जन्म वर्ष के उपलक्ष्य में श्री सत्य साईं सेवा संगठन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजधानी में 9,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने जुम्बा, योग, कम्युनिटी रन और साइकिल राइड में हिस्सा लिया। इसके अलावा आर्ट ऑफ लिविंग, हार्टफुलनेस और ईशा फाउंडेशन के सहयोग से भी साइकिलिंग अभियान आयोजित किया गया।

‘विकसित भारत’ के लिए फिट नागरिक जरूरी

डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य रखा है और किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसके स्वस्थ और फिट नागरिक होते हैं। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से हृदय और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से दौड़ने या साइकिल चलाने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान ‘नशा मुक्त भारत’ का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में श्री सत्य साईं सेवा संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष निमिश गुलाबराय पांड्या, खेल सचिव हरि रंजन राव, कॉर्पोरेट मामलों की सचिव दीप्ति मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

निमिश पांड्या ने कहा कि ‘फिट इंडिया’ का उद्देश्य हर भारतीय को स्वस्थ और फिट बनाना है, जबकि श्री सत्य साईं सेवा संगठन का संदेश ‘सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो’ है। उन्होंने युवाओं से अच्छी आदतें अपनाने और स्वस्थ शरीर के महत्व को समझने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *