पटना : बिहार में बुधवार को होली का त्योहार पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी पटना से लेकर अन्य जिलों तक रंग-गुलाल, अबीर और फगुआ गीतों की धूम रही। राजनीतिक गलियारों में भी होली की रौनक साफ दिखाई दी।
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने अपने पति के साथ तस्वीर साझा कर लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। वहीं ज्योति सिंह ने बधाई पोस्टर में अपने नाम के साथ पति अभिनेता पवन सिंह का नाम जोड़कर चर्चा बटोरी।
दिल्ली में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने होली गीतों पर गमछा लहराकर जश्न मनाया। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने फगुआ गीत गाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं भाजपा विधायक संजीव चौरसिया ढोल-मंजीरे के साथ बग्गी पर सवार होकर सड़कों पर निकले और समर्थकों संग रंग खेला।
उधर, पटना में होली के मौके पर मटन की दुकानों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। सामान्य दिनों में 700-800 रुपये प्रति किलो बिकने वाला मटन त्योहार के दिन 1200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। बावजूद इसके, खरीददारों का उत्साह कम नहीं हुआ और लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों के साथ होली का आनंद लिया।
