Homeझारखंडदेवघर विकास के लिए मेयर रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री से मांगा...

देवघर विकास के लिए मेयर रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री से मांगा विशेष पैकेज

देवघर। बाबा नगरी देवघर के समग्र विकास को लेकर नगर निगम ने केंद्र सरकार के समक्ष विशेष वित्तीय सहायता की मांग रखी है। देवघर के मेयर रवि राउत ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर शहर की समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा की।

पेयजल, सीवरेज और सौंदर्यीकरण समेत कई मुद्दे उठाए

मुलाकात के दौरान मेयर रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री को बाबा बैद्यनाथ धाम के शिवलिंग का आकर्षक फोटो फ्रेम भेंट किया। उन्होंने देवघर में पेयजल संकट, जलापूर्ति व्यवस्था, सीवरेज, जलजमाव, यातायात प्रबंधन, कचरा निस्तारण और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे प्रमुख मुद्दों से अवगत कराया।

मेयर ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं की लंबित राशि जल्द जारी करने का भी आग्रह किया, ताकि शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति मिल सके।

धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग

मेयर ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि देवघर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और बाबा बैद्यनाथ धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए शहर के बुनियादी ढांचे को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के अनुरूप विकसित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने देवघर के लिए विशेष विकास पैकेज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे शहर की आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को नई पहचान मिलेगी।

श्रावणी मेले की तैयारियों की दी जानकारी

मुलाकात के दौरान मेयर ने केंद्रीय मंत्री को श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रहा है।

गौरतलब है कि 19 जुलाई को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में देवघर के मेयर रवि राउत भी शामिल थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments