रांची। झारखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है और राजधानी रांची सहित अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 183.4 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव में रिकॉर्ड की गई। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को जारी की।
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बोकारो में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे और दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
17 अगस्त तक बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। विभाग ने 14 अगस्त को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है।
रांची, जमशेदपुर और अन्य शहरों का तापमान
गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 35.2 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



