रांची। डंगराटोली स्थित शिक्षण संस्थान द ब्लैकबोर्ड में झारखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप नरसरिया थे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, संस्थान के निदेशक सुशांत मिश्रा, विनय सिंह एवं शिक्षकों ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को आकर्षक बनाया।
राज्य मेरिट सूची में शानदार प्रदर्शन
द ब्लैकबोर्ड के 10 विद्यार्थियों ने झारखंड बोर्ड की राज्य स्तरीय टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाया, जबकि 20 विद्यार्थियों ने टॉप-15 में जगह हासिल की। इसके अलावा 59 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
नकद पुरस्कार और उपहार देकर किया सम्मानित
समारोह में राज्य के टॉपर्स और अन्य मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल, शील्ड, प्रशस्ति-पत्र तथा 51 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। साथ ही स्मार्ट टीवी, स्मार्ट वॉच, साइकिल सहित कई आकर्षक पुरस्कार देकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
संस्थान के निदेशक सुशांत मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है।
समारोह में मौजूद अभिभावकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए संस्थान के शिक्षकों और प्रबंधन की सराहना की। कार्यक्रम का समापन सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
