राज्यपाल से मंत्री, कुलपति और विधायक ने की मुलाकात

रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शुक्रवार को मंत्री सुदिव्य कुमार,विधायक नवीन जयसवाल और कुलपति राजीव मनोहर ने अलग-अलग मुलाकात की। रांची के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति राजीव मनोहर ने राज्यपाल से लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।

राज्यपाल ने नव-नियुक्त कुलपति को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में संबंधित विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार को अधिकाधिक प्रोत्साहन मिलेगा तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त होंगी।

राज्यपाल ने कुलपति से कहा कि वे चाहते हैं कि झारखंड राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा वातावरण बने,जिससे अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी यहां ज्ञानार्जन के प्रति उत्साहित रहें। उन्होंने कहा कि वे राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा सभी कुलपति टीम भावना के साथ इस दिशा में समर्पित होकर प्रयास करें।

राज्यपाल से मंत्री ने की मुलाकात

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज मंत्री सुदिव्य कुमार ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल ने राज्य में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने,शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने के संबंध में अपने विचार साझा किए।

विधायक ने विवाह समारोह में राज्यपाल को किया आमंत्रित

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से विधायक नवीन जयसवाल ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल को अपनी सुपुत्री के विवाह समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *