पश्चिमी सिंहभूम : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त को पत्र लिखकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएएनसी) और मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित पड़ी विकास योजनाओं को जल्द शुरू कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं होना गंभीर प्रशासनिक शिथिलता को दर्शाता है।
अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि जेएएनसी क्षेत्र में उनकी अनुशंसा पर जिला योजना चयन समिति से स्वीकृत 50 योजनाओं का निविदा निष्पादन पूरा हो चुका है और 14 मार्च 2026 को इनका विधिवत शिलान्यास भी किया गया, लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है। इसी तरह मानगो नगर निगम क्षेत्र में 81 योजनाएं 30 दिसंबर 2025 को शिलान्यास के बाद भी अधर में लटकी हुई हैं।
विधायक ने चिंता जताई कि जनता से जुड़े बुनियादी विकास कार्यों में इस तरह की देरी से लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 3 करोड़ 32 लाख 47 हजार रुपये की पांच योजनाएं ऐसी हैं, जिनका प्राक्कलन तैयार होने के बाद तकनीकी स्वीकृति भी मिल चुकी है, लेकिन ये योजनाएं अब तक नगर विकास विभाग में प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबित हैं।
सरयू राय ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि वे संबंधित विभागों को निर्देश देकर सभी लंबित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र दिलवाएं और जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।
