Homeझारखंडट्रेन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत

ट्रेन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत

पूर्वी सिंहभूम : टाटानगर रेल खंड पर बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर अचानक आए मवेशी ट्रेन की चपेट में आ गए।

टाटानगर से बादामपहाड़ की ओर जा रही खाली कोच वाली ट्रेन ने तीन मवेशियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया, वहीं फाटक बंद रहने से सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।

घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रेन सुंदरनगर फाटक के पास पहुंची, उसी समय ट्रैक पर तीन मवेशी आ गए। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर टालना संभव नहीं हो सका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मवेशियों के शव ट्रैक पर बिखर गए और ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रैक से मवेशियों के अवशेष हटाए और लाइन को सुरक्षित बनाया। करीब 30 से 40 मिनट की कार्रवाई के बाद ही ट्रैक को पूरी तरह क्लियर किया जा सका, जिसके बाद टाटानगर-हल्दीपोखर रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन फिर से सामान्य हुआ।

इस दौरान सुंदरनगर रेलवे फाटक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल बसें, दफ्तर जाने वाले लोग और मालवाहक वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज धूप और गर्मी के बीच राहगीरों की हालत और खराब हो गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments