मां-पिता ने मिलकर की पुत्र की हत्या 

रांची : रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में मां-पिता ने मिलकर अपने ही पुत्र की हत्या कर दी और शव को घर में बंद कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद ठाकुरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। साथ ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ठाकुरगांव थाना क्षेत्र निवासी मदन पाहन (20) की धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। सबसे हैरानी वाली बात यह है कि मदन की हत्या किसी दुश्मन के द्वारा नहीं की गई है, बल्कि मदन को उसके पिता फुलेश्वर पाहन ने ही पत्नी के साथ मिलकर मार डाला। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि मदन की मां का देहांत हो चुका था। इसके बाद मदन के पिता फुलेश्वर पाहन ने दूसरी शादी कर ली थी। सौतेली मां के साथ मदन के संबंध काफी खराब थे। तीनों में हमेशा लड़ाई-झगड़ा होता था। कई बार मारपीट भी हुई थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार रात भी मदन का पिता और सौतेली मां के साथ काफी झगड़ा हुआ था। देर रात तक मारपीट भी होते रहा। बाद में सब कुछ शांत हो गया था लेकिन आधी रात ही पति-पत्नी कहीं चले गए। इसके बाद यह पता चला की मदन की हत्या कर दोनों फरार हो गए हैं।

इस संबंध में बुधवार को ठाकुरगांव थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि घरेलू विवाद में मदन पाहन की हत्या कर दी गई है। उसके पिता और सौतेली मां के जरिये ही हत्या को अंजाम दिया गया है। दोनों आरोपित घर बंद कर फरार हो गए हैं। आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *