जेल से छूटते ही फिर खून: पत्नी के बाद भाभी की हत्या

पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के कासिया गांव में पत्नी की हत्या के मामले में सजा काटकर हाल ही में जेल से बाहर आए एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत, आक्रोश और शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान 56 वर्षीय पार्वती भूमिज के रूप में हुई है। उनके बेटे शंकर भूमिज ने बताया कि रविवार देर शाम उनकी मां घर में थीं, तभी आरोपित दुलाई भूमिज ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो पार्वती भूमिज मृत अवस्था में पड़ी थीं। शुरुआत में परिवार को लगा कि उनकी सामान्य मौत हुई है, लेकिन जब गर्दन और गाल पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए, तो मामला संदिग्ध लगने लगा। इसके बाद हत्या की आशंका जताई गई।
गांव में इस घटना को लेकर ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पुलिस को सूचना देने का निर्णय लिया गया। सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर दुलाई भूमिज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
आरोपित दुलाई भूमिज पहले भी हत्या के मामले में दोषी रह चुका है। वर्ष 2011 में उसने अपनी पत्नी इंद्रावती भूमिज की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी। इस अपराध में उसे 13 साल की सजा हुई थी। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और उसका व्यवहार अक्सर असामान्य रहता था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। सोमवार को तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुशवाहा ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद से गांव के लोग सदमे में हैं और पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *