Homeराजनीतिपंचायत मतदाता सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम गायब,...

पंचायत मतदाता सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम गायब, चुनावी तैयारियों पर उठे सवाल

अमेठी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर अमेठी में विवाद खड़ा हो गया है। गौरीगंज ब्लॉक की मेदन मवई ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री Smriti Irani का नाम शामिल नहीं होने से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इसके साथ ही कई मृतकों के नाम सूची में बने रहने और सैकड़ों पात्र मतदाताओं के नाम गायब होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

मेदन मवई ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि तीरथराज मिश्र ने आरोप लगाया कि स्मृति ईरानी का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके बावजूद उनका नाम अंतिम सूची में नहीं जोड़ा गया। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत के कई मृत व्यक्तियों के नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज हैं, जबकि उन्हें हटाने के लिए आवश्यक अभिलेख पहले ही जमा कराए जा चुके थे।

वहीं शाहगढ़ ब्लॉक की पनियार ग्राम पंचायत में 870 से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने की शिकायत सामने आई है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और वे सूची में शीघ्र संशोधन की मांग कर रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है और पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए भी आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए थे। मामले की शिकायत एसडीएम गौरीगंज से की गई है।

एसडीएम गौरीगंज प्रीति तिवारी ने बताया कि पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रस्तुत आवेदन में स्मृति ईरानी के हस्ताक्षर नहीं थे, जिसके कारण आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज उपलब्ध होने पर अनुपूरक सूची के माध्यम से उनका नाम जोड़ा जाएगा। साथ ही मृतकों के नाम और अन्य शिकायतों की भी जांच कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

मतदाता सूची में सामने आई इन त्रुटियों ने पंचायत चुनाव की तैयारियों और सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments