नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक मंगलवार सुबह संसद परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में शुरू हो गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत राजग के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी सांसदों को संबोधित करेंगे। इस दौरान नए पेपर लीक रोधी कानून और सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दिए जाने की संभावना है।
नए दल को पहली बार मिला निमंत्रण
बैठक में पहली बार नवगठित नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में बुलाया गया है। यह दल विपक्ष से अलग हुए 20 सांसदों से मिलकर बना है।
बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसद राघव चड्ढा, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे समेत कई नेता पहुंचे।
मानसून सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा
‘मंगल मिलन’ बैठक का मुख्य एजेंडा संसद के मानसून सत्र के दौरान सदन में समन्वय, सरकार की विधायी रणनीति और प्रमुख विधेयकों पर चर्चा करना है।
सार्वजनिक परीक्षाओं (संशोधन) विधेयक पेश किए जाने के बाद सरकार आगे की संसदीय रणनीति को लेकर भी सांसदों के साथ विचार-विमर्श करेगी।


