काठमांडू। नेपाल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में देशव्यापी हड़ताल शुरू हो गई है। नेपाल चिकित्सक संघ के आह्वान पर मंगलवार को देशभर के अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी स्वास्थ्य सेवाएं बंद हैं।
संघ ने वीरगंज स्थित नारायणी अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर हुए हमले तथा वार्ता के दौरान पुलिस के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में यह आंदोलन शुरू किया है।
डॉक्टरों पर हमले का विरोध
नेपाल चिकित्सक संघ के अनुसार, 25 जुलाई को नारायणी अस्पताल में तैनात डॉ. प्रमोद राम समेत अन्य डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला किया गया था। इस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ भी की गई।
हमले में डॉ. प्रमोद राम के सिर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है। संघ का आरोप है कि घटना के बाद जिला प्रशासन कार्यालय पर्सा में वार्ता के दौरान पुलिस ने संघ के पदाधिकारियों और अन्य डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार किया।
सरकार को ठहराया जिम्मेदार
नेपाल चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. बद्री रिजाल और महासचिव डॉ. विश्वराज दवाड़ी ने कहा कि आंदोलन के कारण मरीजों को होने वाली परेशानी के लिए उन्हें खेद है, लेकिन इसकी पूरी जिम्मेदारी नेपाल सरकार की है।
संघ ने सरकार से डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


